धुंध में सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर होगी कार्रवाई, रोहतक पुलिस सख्त
एसपी गौरव राजपुरोहित ने थाना प्रभारियों को दिए निर्देश, वाहन चालकों से यातायात नियमों की पालना की अपील
रोहतक, गिरीश सैनी। सर्दी के साथ बढ़ते कोहरे और धुंध में सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए रोहतक पुलिस ने वाहन चालकों के लिए विशेष सावधानियां जारी की हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने स्पष्ट किया है कि रात्रि के समय मुख्य सड़कों, राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों तथा आउटर बाईपास पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी ने वाहन चालकों को धुंध में धीमी गति से चलने, लो-बीम या फॉग लाइट का प्रयोग करने और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही अनावश्यक ओवरटेकिंग, तेज रोशनी और अचानक ब्रेक लगाने से बचने को कहा है। ट्रैक्टर-ट्रॉली व मालवाहक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाना भी जरूरी बताया।
पुलिस ने आमजन से अत्यधिक धुंध में अनावश्यक यात्रा टालने, दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने और पैदल यात्रियों से चमकीले कपड़े पहनने की अपील की है।

Girish Saini

