इंडक्शन के दौरान कला-संस्कृति से रूबरू हुए वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थी
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय वैश्य इंजीनियरिंग कॉलेज में नव प्रवेशित यूजी विद्यार्थियों के लिए जारी इंडक्शन कार्यक्रम में विद्यार्थियों को भारतीय कला, संस्कृति, संगीत और सकारात्मक जीवन-दृष्टिकोण से परिचित कराया गया। इस दौरान नृत्य कलाकार डॉ. मालविका पंडित ने भारतीय शास्त्रीय नृत्य, विशेष रूप से कथक पर व्याख्यान-सह-प्रदर्शन प्रस्तुत किया।
उन्होंने नाट्यशास्त्र के संदर्भ में भारतीय नृत्य की परंपरा, उद्देश्य और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला और कथक के विकास, कथा वाचन, भाव, मुद्राओं, लय और ताल की जानकारी दी। उनके शिष्य गौरव एवं विधि ने कथक प्रस्तुति में भाव, मुद्राओं, ताल, लय और पद संचालन के माध्यम से कथक की विशेषताओं को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया।
आकाशवाणी के पूर्व केंद्र निदेशक एवं लोक कलाकार कैलाश चंद्र वर्मा ने अपने व्याख्यान में भारतीय शास्त्रीय संगीत, रागों, राग आधारित बॉलीवुड गीतों और हरियाणवी लोक संगीत पर जानकारी साझा की। प्रेरणात्मक सत्र में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, चेतन-अवचेतन मन और निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में बताया गया। नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने इंडक्शन के दौरान विभिन्न सत्रों को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया।

Girish Saini 


