वैश्य कॉलेज में ऑफ इंजीनियरिंग में नव-आरंभ 2026, नव प्रवेशित विद्यार्थियों को दी जा रही पढ़ाई से लेकर प्लेसमेंट तक की जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। वैश्य कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए वीरवार से नव-आरंभ 2026 इंडक्शन कार्यक्रम शुरू हुआ। इस दौरान नव प्रवेशित विद्यार्थियों को कॉलेज की पढ़ाई, सुविधाओं और गतिविधियों से परिचित कराया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ नवाचार व उद्यमिता के अवसरों की जानकारी दी जा रही है। कॉलेज की विभिन्न समितियों और सेल की कार्यप्रणाली से भी विद्यार्थियों को अवगत कराया जाएगा। समय प्रबंधन, शैक्षणिक अनुशासन, तकनीकी व संचार कौशल और करियर को लेकर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जाएगा।
प्राचार्य डॉ. दीपक कुमार गोयल ने कहा कि कॉलेज में विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने पर जोर दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित पढ़ाई के साथ कॉलेज की गतिविधियों में भाग लेने को कहा।
इंडक्शन कार्यक्रम में परिचयात्मक और संवादात्मक सत्रों के अलावा मोटिवेशनल व जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। इनका मकसद नए विद्यार्थियों को कॉलेज के माहौल से सहज रूप से जोड़ना और पढ़ाई के साथ उनके व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराना है।

Girish Saini 

