हरियाणा की जनता ने परिवारवाद छोड़ विकासवाद को अपनाया: पुष्कर धामी

हरियाणा की जनता ने परिवारवाद छोड़ विकासवाद को अपनाया: पुष्कर धामी

रोहतक, गिरीश सैनी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने रोहतक में कांग्रेस पर जमकर हमला बोलते हुए कहा कि इस बार चुनाव में दो रूप जनता के सामने हैं। पहली भाजपा है जो देश को प्राथमिकता में रखकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 साल बिना रुके देश के लिए काम किया और पूरी दुनिया में भारत की अलग पहचान बनाई। दूसरी तरफ कांग्रेस के नेता हैं जो अपने परिवार को प्रथम मानकर काम करते हैं। कांग्रेस नेता खुद के परिवार का भला चाहते हैं, देश ओर जनता से उन्हें कुछ लेना देना नहीं। 

पुष्कर धामी ने कहा कि मैं हरियाणा में घूमा, अलग-अलग जगहों पर गया। रोहतक में भी दौरा किया। जनता की राय और उत्साह देखकर यह पक्का है कि हरियाणा में रोहतक समेत सभी 10 लोकसभा सीट भाजपा जीत रही है। हरियाणा की जनता ने परिवारवाद को छोड़कर विकासवाद को अपनाय है। यही कारण है कि इस बार रोहतक लोकसभा सीट से डॉ. अरविंद शर्मा दोबारा इतिहास दोहराएंगे। पत्रकार वार्ता के दौरान उनके साथ उत्त्तराखंड के मंत्री वीरेन रोहिला, अजमेर से सांसद भागीरथ चौधरी, रोहतक लोकसभा प्रभारी राजीव जैन, भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, प्रवक्ता नेहा धवन आदि मौजूद रहे। 

पुष्कर धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 10 साल में धारा 370 हटाना, तीन तलाक खत्म करना, सीएए जैसे कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। कोरोना के समय में जब दुनिया के बड़े-बड़े देशों की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी उस समय भी नरेन्द्र मोदी देश की अर्थ व्यवस्था को 11वें स्थान से लेकर 5वें स्थान पर लाए हैं। 

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है। पंजाब में दोनों पार्टियों के नेता एक दूसरे को बुरा-भला बोलते हैं लेकिन हरियाणा और दिल्ली में गठबंधन में चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल फिर जेल में जाएंगे और उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। 

पुष्कर धामी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज अमेठी से चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं कर पाए। इंडिया गठबंधन पर उन्होंने कहा कि ये सभी दल अपने परिवार, अस्तित्व को बचाने के लिए गठबंधन कर रहे हैं। लेकिन जनता इनकी चाल समझ चुकी है, जनता अब घोटालों की सरकार नहीं चाहती। 
धामी ने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार के दौरान नौकरी के लिए पर्ची और खर्ची चलती थी। लेकिन भाजपा की सरकार बनी तो सबसे पहले पर्ची-खर्ची वाला सिस्टम बंद किया। एक नई संस्कृति भाजपा लेकर आई और आज योग्यता के आधार पर युवाओं को नौकरी मिल रही है। धामी ने कहा कि कांग्रेस नेता इसलिए राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं आए कि कहीं एक विशेष प्रकार का वोट बैंक उनसे नाराज न हो जाए। 

पुष्कर सिंह धामी ने डॉ अरविंद शर्मा के पक्ष में एक बड़ी सभा को भी संबोधित किया। इस कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद शर्मा की पत्नी डॉ रीटा शर्मा ने समर्थन मिलने पर राजपूत समाज का आभार जताते हुए कहा कि भाजपा समाज के हर वर्ग के साथ मजबूती के साथ खड़ी होने वाली पार्टी है। गांव समर गोपालपुर में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया और श्री राम जी की प्रतिमा भेंट की गई।