नुक्कड़ नाटक में दिखेगी विकास यात्रा, 2047 का संकल्प

नुक्कड़ नाटक में दिखेगी विकास यात्रा, 2047 का संकल्प

रोहतक में 2-3 अक्टूबर को विभिन्न स्थानों पर होगा नमो सेवागाथा का मंचन

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक में 2 और 3 अक्टूबर को विभिन्न स्थानों पर नमो सेवागाथा नुक्कड़ नाटक का मंचन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सिंचाई विश्राम गृह में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें नगर निगम आयुक्त सतेंद्र दुहन, एडीसी नरेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से देश की विकास यात्रा और 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम स्थलों, कलाकारों, दर्शकों की सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को समय रहते सभी इंतजाम पूरे करने के निर्देश दिए गए।

नमो सेवागाथा में गुजरात भूकंप व पुनर्निर्माण, 2014 के बाद के बदलाव, सर्जिकल स्ट्राइक, अंतरिक्ष उपलब्धियां, कोविड टीकाकरण, ऑपरेशन गंगा, डिजिटल भुगतान, जम्मू-कश्मीर में बदलाव और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों को अभिनय व झांकियों के जरिए दर्शाया जाएगा। नाटक का समापन 2047 तक विकसित भारत के संकल्प के संदेश के साथ होगा।