भारतीय जनता के दिलों में क्षेत्रवाद मिटा कर राष्ट्रवाद की भावना को बढ़ावा देगी यूआरबी पार्टी : वेंकटेश

देश सेवा के लिए बैंक की नौकरी भी छोड़ दी टीआर वेंकटेश ने   

भारतीय जनता के दिलों में क्षेत्रवाद मिटा कर राष्ट्रवाद की भावना को बढ़ावा देगी यूआरबी पार्टी : वेंकटेश

चण्डीगढ़ : पूर्व बैंक अधिकारी टीआर वेंकटेश ने देश की सेवा की चाह में बैंक की नौकरी छोड़ कर यूनाइटेड रिपब्लिक ऑफ़ भारत पार्टी ( यूआरबी पार्टी ) के नाम से एक नए राजनीतिक दल का गठन किया है। आज चण्डीगढ़ प्रेस क्लब में मीडिया कर्मियों से मुखातिब होते हुए उन्होंने बताया कि उनका मुख्य उद्देश्य भारतीय जनता के दिलों में क्षेत्रवाद मिटा कर राष्ट्रवाद की भावना को बढ़ावा देना है क्योंकि क्षेत्रवाद की भावना देश के भविष्य के लिए बेहद घातक है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राष्ट्रीय भावना विकसित करके भारत को सबसे ताकतवर देश बनाना चाहती है। उन्होंने बताया कि यूआरबी पार्टी भारतीय चुनाव आयोग से रजिस्टर्ड है व इसका अपना झंडा भी है।
टीआर वेंकटेश, जो पार्टी के अध्यक्ष भी हैं, ने कहा कि वे हमेशा सैनिकों के जवानों के बलिदानों व किसानों की मेहनत का सम्मान करते हुए उनके हितों की रक्षा हेतु हमेशा तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि यूआरबी पार्टी भारतीय नारियों को भी सम्मान देती है जिन्होंने अपने परिवार में किसी को सैनिक बनाया, किसी को किसान बनाया और खुद परिवार में प्रधान बन कर घर सभाल रही हैं। बच्चों को अच्छे संस्कार देकर अगली पीढ़ी को सशक्त बना कर व युवाओं को बेहतर प्रेरणादायी माहौल प्रदान करके भारत को दुनिया का ताकतवर देश बनाया जाएगा, उन्होंने आगे कहा।
वेंकटेश के मुताबिक वरिष्ठ नागरिक, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यावरण आदि को लेकर भी भी उनकी पार्टी ने एजेंडा तैयार किया हुआ है। इन सब पर अमल करके भारत को विश्व में अग्रणी देश के रूप में स्थापित किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचा कर आम नागरिकों को जागरूक किया जाएगा व पार्टी का देश भर में विस्तार किया जाएगा।