गांव बहु अकबरपुर में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर प्रारंभ

गांव बहु अकबरपुर में सात दिवसीय विशेष एनएसएस शिविर प्रारंभ

रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज की एनएसएस इकाईयों द्वारा गांव बहु अकबरपुर स्थित बाबा जीवनदास अखाड़े में सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। ये शिविर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रजनी कुमारी एवं डॉ. प्रवीण शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

बतौर मुख्य अतिथि, प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने ग्राम सरपंच, पंचायत सदस्यों एवं अन्य गणमान्य जन के साथ दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्वागत गीत, नशामुक्त भारत पर रागिनी व पेड़ लगाओ विषय पर सामूहिक गीत प्रस्तुत किए गए। प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा ने विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति समर्पित रहने का संदेश देते हुए कहा कि एनएसएस समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है।

विशिष्ट अतिथि डॉ. अनिता तनेजा ने कहा कि एनएसएस वालंटियर्स निस्वार्थ समाज सेवा कर राष्ट्र निर्माण में भूमिका निभा रहे हैं। डॉ. रजनी कुमारी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान पौधारोपण भी किया गया। दोपहर के सत्र में एनएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका एवं जिम्मेदारियां विषय पर आयोजित व्याख्यान में डॉ रजनी कुमारी व डॉ प्रवीण शर्मा ने स्वयंसेवकों को उनके कर्तव्यों, सामाजिक दायित्वों, नेतृत्व क्षमता, समय प्रबंधन तथा टीमवर्क के महत्व के बारे में जानकारी दी। इसके बाद इको ब्रिक अभियान पर चर्चा करते हुए प्लास्टिक कचरे के पुनः उपयोग द्वारा इको ब्रिक्स बनाने की प्रक्रिया समझाई गई।

सांयकालीन सत्र में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्वयंसेवकों एवं ग्रामीण युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एव पोषण जागरूकता रैली, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, नशामुक्त समाज, साक्षरता कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।