दोआबा कॉलेज में डीसीजे क्रिकेट चैंपियनशिप आयोजित
जालन्धर, 24 फरवरी, 2026: दोआबा कॉलज में डीसीजे क्रिकेट चैंपियनशिप (सीज़न 5) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया । इस चैंपियनशिप का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीमवर्क तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना था । इस टूर्नामेंट में विभिन्न कक्षाओं एवं विभागों की कुल 15 टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया । प्रतियोगिता की शुरुआत 7 प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों से हुई, जिसने पूरे आयोजन में जोश और उत्साह का संचार कर दिया । इसके पश्चात 4 क्वार्टर फाइनल और 2 सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए, जिनमें शीर्ष टीमों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, दृढ़ संकल्प और बेहतरीन समन्वय का प्रदर्शन किया । इस चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला बैजर बैटालियन और स्ट्रीट स्मैशर के बीच खेला गया । यह मैच अत्यंत रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक रहा, जिसने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा । बैजर बैटालियन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की और चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की ।
फाइनल मैच के विशेष अतिथि के रूप में कमल अस्पताल के डॉ. सतपाल गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की तथा विद्यार्थियों को शारीरिक फिटनेस और समग्र विकास के लिए खेलों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया ।
चैंपियनशिप विजेता बैजर बैटालियन और कॉलेज स्टाफ टीम के बीच एक मैत्री मैच भी खेला गया । यह मुकाबला बेहद रोचक और मनोरंजक रहा । इस मैत्री मैच में कॉलेज स्टाफ टीम विजेता रही, जिससे दर्शकों में उत्साह और आनंद की लहर दौड़ गई ।
इस चैंपियनशिप का सफल संचालन आयोजन समिति के सदस्यों द्वारा किया गया, जिसमे डॉ. ओमिंदर जोहल, डॉ. गुलशन शर्मा, प्रो. गुरसिमरन सिंह, प्रो. विशाल शर्मा थे ।
डीसीजे क्रिकेट चैंपियनशिप (सीज़न 5) खेल भावना, एकता और उत्साह का एक शानदार उदाहरण साबित हुई ।

City Air News 

