पेट्रोल-डीजल के दामों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी पंजाब के किसानों के लिए बनी मुसीबतः पिंकी

विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने कहा कि धान की रोपाई को देखते हुए केंद्र सरकार तत्काल जारी करे राहत

पेट्रोल-डीजल के दामों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी पंजाब के किसानों के लिए बनी मुसीबतः पिंकी
फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी।

फिरोजपुर: फिरोजपुर शहरी हलके के विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने पेट्रोल-डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर चिंता जाहिर करते हुए इसे केंद्र सरकार का किसान विरोधी कदम बताया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में किसान धान की रोपाई की तैयारी कर रहे हैं लेकिन इसी समय पेट्रोल-डीजल पर टैक्स की दर में अप्रत्याशित बढ़ोतरी करके किसानों की परेशानी बढ़ा दी गई है। किसान पहले ही कर्ज के जाल में फंसे हुए हैं और उपर से सरकार ने डीजल महंगा करके उनके जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। इससे न सिर्फ किसान ब्लकि उनके साथ जुड़ी हुई लाखों की तादाद में लेबर भी प्रभावित होगी।

विधायक पिंकी ने कहा कि जब अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 140 डॉलर प्रति बैरल थी, तब देश में पेट्रोल 62 और डीजल 58 रुपए प्रति लीटर की दर से बिक रहा था और आज जब कच्चे तेल की कीमतें 40 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे हैं, तब पेट्रोल-डीजल लोगों को 80 रुपए लीटर के भाव से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि यह देश के लोगों के साथ अन्याय है। विधायक ने कहा कि कुछ दिन पहले भी केंद्र सरकार की तरफ से पंजाब की किसानी को बर्बाद करने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) खत्म करने का प्रयास किया गया था, जिसे कभी भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अगर केंद्र की मोदी सरकार ऐसा करती है तो पंजाब के लोग दिल्ली की जेलें भर देंगे। विधायक पिंकी ने केंद्रीय सत्ता में भागीदार पंजाब के राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर खुलकर आगे आने व किसानों के हक में खड़े होने की अपील की।