भगवान परशुराम के आदर्शों पर चलकर समाज को करें एकजुटः सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
पहरावर में राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह अब 30 मई को।

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि भगवान परशुराम के आदर्श हमें समाज को एकजुट बनाने, मिलकर चलने के लिए प्रेरित करते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार हर समुदाय, हर वर्ग को साथ लेकर सबका उत्थान सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि रोहतक के पहरावर में भगवान परशुराम जयंती पर प्रस्तावित राज्य स्तरीय जयंती समारोह अब 17 मई की जगह 30 मई को होगा, जिसमें प्रदेश के कोने-कोने से लोग पहुंचेंगे। सहकारिता मंत्री ने अपने स्वैच्छिक कोष से भगवान परशुराम जनकल्याण समिति को विकास कार्यों के उद्देश्य से 11 लाख रुपए देने की घोषणा की।
रविवार को भगवान परशुराम जनकल्याण समिति द्वारा स्थानीय सेक्टर 2 में आयोजित भगवान परशुराम जन्मोत्सव व अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने भगवान परशुराम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए वंदना की व समाज भलाई का संकल्प लिया। डॉ अरविंद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की केंद्र स्तर पर बैठक निर्धारित होने के कारण 17 मई को पहरावर में होने वाला राज्य स्तरीय भगवान परशुराम जयंती समारोह अब 30 मई को होगा। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार गऊ में 33 कोटि देवी-देवता वास करते हैं, उसी प्रकार ब्राह्मणों में 36 बिरादरी का वास है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में और इसे बरकरार रखने में ब्राह्मणों का बड़ा योगदान है।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 36 बिरादरी का ध्यान रखने वाले नेता हैं। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल की संत-महापुरुष सम्मान व विचार प्रसार योजना को बढ़ाते हुए जयंतियों को निरंतर आयोजित करने की परंपरा को निभाया है। आज उनके नेतृत्व में भिवानी में पं. नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण हुआ है। 600 करोड़ रुपए की लागत से कैथल में भगवान परशुराम राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भगवान परशुराम जयंती का राजकीय अवकाश भाजपा सरकार द्वारा घोषित किया गया। समिति प्रधान ललित कौशिक, हरिकिशन भारद्वाज, ओंकार पराशर सहित अन्य पदाधिकारियों ने पगड़ी व स्मृति चिह्न देकर डॉ अरविंद शर्मा सम्मानित किया। इस दौरान महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेवरानंद, महामंडलेश्वर डॉ. परमानंद, अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त सहित ब्राह्मण समाज के गणमान्य जन मौजूद रहे। /04/05/25