रोहतक में विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां
पीएम मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन संस्कृति योग बना विश्व संपदा।
रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने अभूतपूर्व स्थिरता और अभूतपूर्व परिवर्तन दोनों का अनुभव किया है। यही कारण है कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मविश्वासी और तेजी से विकसित हो रही शक्ति के रूप में स्थापित हुआ है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए देश के 140 करोड़ नागरिकों को अपनी पूर्ण आहुति देने का समय आ गया है।
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम सिंधिया स्थानीय वैश्य कॉलेज के सभागार में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा रोपा गया ये पौधा आज वटवृक्ष बनकर लाखों विद्यार्थियों को शिक्षा रूपी छाया प्रदान कर रहा है। महात्मा गांधी ने देशभर में दो संस्थाओं की नींव रखी थी, जिनमें रोहतक की वैश्य शिक्षण संस्था शामिल है।
इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, जिला प्रभारी सतेंद्र परमार, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, मेयर राम अवतार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि हरियाणा और विशेष रूप से रोहतक की धरती का देश के इतिहास में विशेष स्थान रहा है। पानीपत की वीर भूमि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए मराठा वीरों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। सिंधिया परिवार के 16 पूर्वजों ने इस लड़ाई में कुर्बानी दी थी।
केंद्रीय संचार मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच में विकास भी है तथा विरासत भी है। मोदी सरकार ने स्थिरता को अपनी शक्ति और परिवर्तन को अपनी पहचान बनाया है। इन 12 वर्षों में विश्वास, विकास और जनकल्याण की नई गाथा लिखी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देश के लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गये हैं। मोदी सरकार ने राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2024 में शपथ ग्रहण के बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की लगभग 20 हजार करोड़ रुपये की राशि 9.26 करोड़ किसानों के खातों में पहुंचाई। प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत ने योग को आज विश्व संपदा बना दिया है। भारत आज आर्थिक शक्ति के साथ-साथ आध्यात्मिक नेतृत्व की भूमिका भी निभा रहा है।
दूरसंचार क्षेत्र में हुई क्रांति का उल्लेख करते हुए सिंधिया ने कहा कि आज 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को भारतनेट से जोड़ा जा चुका है। इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 25 करोड़ से बढक़र 103 करोड़ हो गई है। ब्रॉडबैंड कनेक्शन 6 करोड़ से बढक़र 101 करोड़ तक पहुंच चुके हैं। भारत आज दुनिया में सबसे सस्ता डेटा उपलब्ध कराने वाला देश बन चुका है। यूपीआई आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली ने भारत को डिजिटल अर्थव्यवस्था में वैश्विक नेतृत्व प्रदान किया है। आज देश में प्रतिवर्ष लाखों करोड़ रुपये के डिजिटल लेनदेन हो रहे हैं।
ज्योतिरादित्य एम सिंधिया ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से 60 करोड़ से अधिक लोगों को पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच मिला है। जनधन योजना के तहत 55 करोड़ बैंक खाते खोले गए, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो चुकी है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने देश में सुशासन के साथ-साथ पारदर्शी व्यवस्था लागू की है। भाजपा की जिला इकाई द्वारा केंद्रीय मंत्री का मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी एवं शॉल भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया गया। अग्रसेन समाज द्वारा भी केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।
केंद्रीय संचार मंत्री ने वैश्य कॉलेज परिसर पहुंचकर सर्वप्रथम राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प व माल्यार्पण कर नमन किया। उन्होंने कॉलेज परिसर में महात्मा गांधी स्मारक में राष्ट्रपति के जीवन से संबंधित प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने स्मृति स्थल पर पौधारोपण भी किया।
पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने गरीब लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं शुरू की है। उन्होंने कहा कि रोहतक में देश का पहला एलिवेटेड रेलवे कॉरिडोर स्थापित किया गया है, जो शहर के बीचों-बीच से गुजरता है। इस कॉरिडोर के बनने से शहरवासियों को पांच रेलवे फाटकों से राहत मिली है।
Girish Saini 

