केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया तिरंगे की गरिमा की रक्षा करने का आह्वान

तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने किया तिरंगे की गरिमा की रक्षा करने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय एमडीयू परिसर में आयोजित तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में उमड़े विद्यार्थियों, शिक्षकों, शहरवासियों और गणमान्य व्यक्तियों ने पूरे वातावरण को भारत माता की जय तथा वंदे मातरम के नारों से गूंजायमान कर दिया।

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री और आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम से तिरंगा लहराकर इस यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, भारतीय पुनर्वास परिषद की अध्यक्षा डॉ. शरणजीत कौर, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, चिकित्सक डॉ. आदित्य बतरा, उद्योगपति राजेश जैन सहित अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि तिरंगा सिर्फ एक झंडा नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान लाखों क्रांतिकारियों ने इसके सम्मान के लिए अपना जीवन बलिदान किया। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाएं, तिरंगे की गरिमा की रक्षा करें और सामाजिक सरोकारों से जुड़ें। केंद्रीय मंत्री ने जोर देकर कहा कि युवा पीढ़ी को राष्ट्र प्रेम की अलख जगानी चाहिए ताकि भारत एक मजबूत और विकसित राष्ट्र बन सके।

केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने सभी उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और कहा कि नशा समाज की जड़ों को खोखला कर रहा है। उन्होंने स्टेडियम परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम अध्यक्ष कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने नशा मुक्त अभियान को एक महाअभियान में बदलने की प्रतिबद्धता जताते हुए कहा कि एमडीयू और इससे संबद्ध 250 से अधिक महाविद्यालयों के 2.50 लाख से ज्यादा विद्यार्थी, शिक्षक तथा स्टाफ सदस्य एकजुट होकर हरियाणा को नशा मुक्त बनाने की दिशा में काम करेंगे।

तिरंगा यात्रा के गेट नंबर एक के शहीद स्मारक पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने अमर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद यात्रा जाट कॉलेज खेल मैदान पर पहुंची। इस आयोजन में केंद्रीय मंत्री के सलाहकार सुदेश कटारिया, विद्यार्थी, एनएसएस और वाईआरसी वॉलंटियर्स, एनसीसी कैडेट्स, खिलाड़ी सामाजिक संगठनों के सदस्य सहित हजारों लोग शामिल हुए।