केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नड्डा और सीएम नायब सिंह सैनी ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बुधवार को स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का शुभारंभ हुआ। रोहतक स्थित एमडीयू परिसर में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने प्रदर्शनी का रिबन काटकर शुभारंभ किया। इस दौरान हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा, सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री नड्डा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा, जागरूकता और बेहतर देखभाल सुनिश्चित करना है। अभियान की अवधि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2025 तक रखी गई है।
प्रदर्शनी में स्वस्थ मां, सुरक्षित शिशु - मजबूत समाज की नींव जैसे प्रेरक संदेशों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं और योजनाओं की झलक दिखाई गई। अवलोकन के बीच मुख्य अतिथि जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टीबी मुक्त भारत अभियान की जानकारी ली।
निक्षय पोषण योजना पर आधारित पैनलों के माध्यम से लोगों को यह जानकारी दी गई कि टीबी रोगियों को उपचार के दौरान प्रतिमाह 1000 रुपए पोषण सहायता सीधे बैंक खाते में दी जाती है। इसके लिए टीबी आरोग्य साथी ऐप और उमंग ऐप के जरिए सत्यापन और ट्रैकिंग की सुविधा भी समझाई गई।
विभिन्न स्टॉलों पर कैंसर स्क्रीनिंग, एनीमिया नियंत्रण, थैलेसीमिया जांच, उच्च रक्तचाप, मधुमेह और क्षय रोग से संबंधित जानकारी विस्तार से दी गई। प्रदर्शनी के दौरान पोषण अभियान को लेकर बच्चों, किशोरियों और गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित आहार, स्तनपान के महत्व और एनीमिया नियंत्रण जैसे बिंदुओं को शामिल करते पोस्टर लगाए गए।
इस दौरान एक स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। अभियान के तहत 17 से 2 अक्टूबर तक विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में 0 से 16 वर्ष तक के बच्चों और गर्भवती महिलाओं को शामिल किया जाएगा। सभी का टीकाकरण सुनिश्चित करने के लिए रूटीन इम्यूनाइजेशन पर भी जोर दिया जाएगा।
प्रदर्शनी में महिलाओं को बताया गया कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या या सहायता के लिए हरियाणा स्वास्थ्य हेल्पलाइन 104 और निक्षय संपर्क हेल्पलाइन 1800-11-6666 (टोल फ्री) 24&7 उपलब्ध हैं। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के महानिदेशक के मकरंद पांडुरंग, उपायुक्त सचिन गुप्ता, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एमडी आरएस ढिल्लो सहित अन्य अधिकारी और अन्य गणमान्य जन मौजूद थे।
Girish Saini 

