केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा व सीएम नायब सिंह सैनी ने किया नमो वन का उद्घाटन

स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत बनाने की ओर अग्रसर हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीः केंद्रीय मंत्री नड्डा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा व सीएम नायब सिंह सैनी ने किया नमो वन का उद्घाटन

रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर स्थानीय सेक्टर 2 में मियावाकी पद्धति से तैयार किए जा रहे नमो वन का उद्घाटन पौधरोपण कर किया। नमो वन के शुभारंभ के मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली की गरिमामयी उपस्थिति रही।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर रोहतक वासियों संग नमो वन में करीब 10 हजार पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। नमो वन में महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं के साथ बच्चों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। केंद्रीय मंत्री ने इस दौरान पर्यावरण प्रेमियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी स्वच्छ पर्यावरण में स्वस्थ जीवन की विचारधारा के साथ देश को विकसित भारत की ओर ले जाने में अग्रसर हैं। ऐसे में हम सभी का ये दायित्व बनता है कि उनकी इस सकारात्मक सोच को सार्थक करने में अपनी भूमिका निभाएं।

उन्होंने महिलाओं को प्रेरित किया कि वे घर की जिम्मेदारी जिस प्रकार पूरी लगन से निभा रही हैं, ठीक उसी तरह वे स्वयं तथा अपने परिजनों को भी पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनाने में आगे आएं और अधिक से अधिक पौधे रोपित करते हुए पर्यावरण प्रहरी बनें। हजारों की संख्या में नमो वन में पौधरोपण करने आई महिलाओं ने केंद्रीय मंत्री नड्डा व सीएम नायब सिंह सैनी को आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री द्वारा स्वच्छ भारत-स्वस्थ भारत बनाने की दिशा में बढ़ाए जा रहे कदमों में रोहतक की महिलाओं सहित उनके परिजनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री व मुख्यमंत्री ने नमो वन में पौधे रोपित करने के लिए पहुंचे लोगों का, विशेषकर महिलाओं व बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि संतुलित पर्यावरण बनाते हुए हम स्वस्थ जीवन की परिकल्पना को साकार कर सकते हैं। उपस्थित जनसमूह ने पौधरोपण करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, संगठन महामंत्री फणीन्द्र नाथ शर्मा, मेयर राम अवतार वाल्मीकि, सूचना,  जनसंपर्क विभाग के महानिदेशक के.मकरंद पांडुरंग, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक पंकज, उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा,  पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर खरक, प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार कटारिया सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।