केंद्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने रोहतक में देश के पहले एलिवेटेड रेलवे कॉरिडोर का अवलोकन किया
एलिवेटेड रेल कॉरिडोर को नए भारत की अस्मिता और आधुनिक विकास का प्रतीक बताया।
रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अधोसंरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। चाहे वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार हो या नई रेल लाइनों का निर्माण, आज विकास कार्य पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में पांच गुना अधिक गति से आगे बढ़ रहे हैं। रोहतक में देश के पहले एलिवेटेड रेलवे कॉरिडोर का अवलोकन करने के उपरांत मीडिया से संवाद करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी और गुजरात से अरुणाचल प्रदेश तक रेल नेटवर्क के विस्तार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। देशभर में आधुनिक रेल कॉरिडोर विकसित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा विकास को नई गति देना है।
उन्होंने कहा कि रोहतक का एलिवेटेड रेल कॉरिडोर इस परिवर्तन का उत्कृष्ट उदाहरण है। लगभग पांच किलोमीटर लंबा ये एलिवेटेड रेलवे ट्रैक आधुनिक भारत की विकास सोच को दर्शाता है। इस परियोजना में ऊपर रेलवे लाइन और नीचे सडक़ मार्ग का विकास किया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित हुई है। उन्होंने कहा कि रेल कॉरिडोर के साथ हरियाली विकसित करने की भी व्यापक योजना बनाई गई है। पूरे क्षेत्र को हरित एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे यह परियोजना केवल परिवहन सुविधा तक सीमित न रहकर शहरी सौंदर्यीकरण का भी उदाहरण बनेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह एलिवेटेड रेल कॉरिडोर नए भारत की पहचान और अस्मिता का प्रतीक है। ये दर्शाता है कि देश में अब विकास परियोजनाएं केवल निर्माण कार्य नहीं हैं, बल्कि नागरिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक अधोसंरचना के समन्वित मॉडल के रूप में विकसित की जा रही हैं।
केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि रोहतक-पानीपत रेलखंड पर देश का पहला एलिवेटेड रेलवे ट्रैक तैयार किया गया है, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था को नई गति मिली है। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल शहर के पांच प्रमुख रेलवे फाटक समाप्त हुए हैं, बल्कि लगभग 50 हजार से अधिक आबादी को जाम मुक्त एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा भी उपलब्ध हुई है। परियोजना पर कुल 315.46 करोड़ रुपये की लागत आई।
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही रेलवे लाइन के दोहरीकरण का कार्य भी जारी है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 75 करोड़ रुपये है और इसे अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे लाइन के साथ फुटपाथ, साइकिल ट्रैक, स्कूटर पार्किंग तथा सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रस्तावित हैं। रोहतक पहुंचने पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने केंद्रीय मंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा हित अन्य गणमान्य जन ने भी केंद्रीय मंत्री का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
केंद्रीय संचार मंत्री ने इसके उपरांत स्थानीय अंबेडकर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर फूल माला अर्पित कर नमन किया। उन्होंने इस दौरान स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया तथा अन्य को भी इस अभियान में अपना पूर्ण योगदान देने का संदेश दिया। केंद्रीय मंत्री ने सफाई कर्मचारियों से संवाद करते हुए उनका कुशलक्षेम पूछा तथा उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि वे स्वच्छता अभियान की रीढ़ है। इस दौरान उपायुक्त सचिन गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, एएसपी आयुष यादव, नगराधीश शुभम सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 

