बेरोजगार युवाओं को मिलेगा 2,000 रुपये तक भत्ता, आवेदन 30 नवंबर तकः डीसी सतबीर सिंह

12वीं पास को 1,200 और स्नातक या उच्च शिक्षित युवाओं को मिलेंगे 2,000 रुपये प्रतिमाह

बेरोजगार युवाओं को मिलेगा 2,000 रुपये तक भत्ता, आवेदन 30 नवंबर तकः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार ने शिक्षित बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए सामान्य बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। पात्र युवा 30 नवंबर तक विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि योजना के तहत 12वीं पास, दो वर्षीय प्रमाण पत्र या डिप्लोमा धारकों को 1,200 रुपये प्रतिमाह, जबकि स्नातक, उच्च शिक्षित और तीन वर्षीय डिप्लोमा धारकों को 2,000 रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि आवेदक हरियाणा का मूल निवासी हो, उसकी आयु 21 से 35 वर्ष के बीच हो और वह एक नवंबर 2026 तक कम से कम तीन वर्ष से रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो। परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक विद्यार्थी, प्रशिक्षु, स्वरोजगार में संलग्न या सक्षम युवा योजना का लाभार्थी भी नहीं होना चाहिए।

इच्छुक युवा hrex.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ परिवार पहचान पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, शैक्षणिक एवं निवास प्रमाण पत्र सहित निर्धारित दस्तावेज जमा करवाने होंगे। उपायुक्त ने पात्र युवाओं से अंतिम तिथि से पहले आवेदन करने की अपील की।