गन्ने के दाम में 15 रुपये की बढ़ोतरी किसानों से भद्दा मजाकः पूर्व सीएम हुड्डा
बोले- वोट चोरी करते पकड़ी जा चुकी है भाजपा; शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गन्ना किसानों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि गन्ने के दाम में मात्र 15 रुपये की बढ़ोतरी किसानों के साथ भद्दा मजाक है। महंगाई और खेती की बढ़ती लागत के मुकाबले यह वृद्धि बेहद कम है। सरकार को किसानों की मांग मानते हुए गन्ने के दाम में उचित बढ़ोतरी करनी चाहिए।
मंगलवार को स्थानीय डी-पार्क स्थित निवास मातूराम भवन में पत्रकारों से बातचीत में हुड्डा ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार पकड़ी जा चुकी है और जनता में उसके खिलाफ भारी रोष है। अब भाजपा वोट चोरी नहीं कर पाएगी। इससे पहले हुड्डा ने दीनबंधु सर छोटूराम की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हुड्डा ने कहा कि सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों में शिक्षकों के करीब 49 प्रतिशत और गैर-शिक्षक कर्मचारियों के 47 प्रतिशत पद खाली हैं। 97 कॉलेजों में से 56 में प्रिंसिपल तक नहीं हैं। वहीं, 723 प्राथमिक स्कूल एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। उन्होंने 398 स्कूलों के पेयजल को भी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बताया।
स्वास्थ्य सेवाओं पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के आठ सरकारी मेडिकल कॉलेजों में डॉक्टरों के 3,843 स्वीकृत पदों में से 2,572 यानी करीब 67 प्रतिशत खाली हैं। पैरामेडिकल स्टाफ के भी 2,742 पद रिक्त हैं। नए मेडिकल कॉलेजों की स्थिति और खराब है। जींद में 559 में से 555, महेंद्रगढ़ में 559 में से 492 और भिवानी में 552 में से 477 पद खाली पड़े हैं। पीजीआईएमएस रोहतक में भी डॉक्टरों और ग्रुप-ए के 40 प्रतिशत से अधिक पद रिक्त हैं।
पूर्व सीएम ने अग्निवीर योजना को हरियाणा के युवाओं के साथ अन्याय बताते हुए अग्निवीरों को बिना शर्त स्थायी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश से सालाना करीब 5,500 सैनिक भर्ती होते थे, जबकि अब यह संख्या घटकर लगभग 940 रह गई है।

Girish Saini

