राष्ट्रीय स्तर पर एमडीयू को मिला बेस्ट पीआर अवार्ड, 10वें नेशनल मीडिया कॉन्क्लेव में जनसंपर्क निदेशक सुनित मुखर्जी ने प्राप्त किया सम्मान
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू को जनसंपर्क के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित 10वें नेशनल मीडिया कॉन्क्लेव-2026 में मदवि को ‘बेस्ट पब्लिक सेक्टर ऑर्गेनाइजेशन इंप्लीमेंटिंग पीआर’ अवार्ड प्रदान किया गया। प्रभावी जनसंपर्क रणनीति, संस्थागत उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार और सकारात्मक छवि निर्माण में योगदान के लिए यह सम्मान मिला। समारोह में जनसंपर्क निदेशक सुनित मुखर्जी ने मदवि की ओर से ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्राप्त किया।
उल्लेखनीय है कि सुनित मुखर्जी 5 अप्रैल 2009 से 1 अप्रैल 2025 तक एमडीयू में जनसंपर्क निदेशक रहे। एक मई 2026 से उन्होंने दोबारा यह जिम्मेदारी संभाली है। उनके नेतृत्व में विवि की शैक्षणिक, शोध, सांस्कृतिक और खेल उपलब्धियों को मीडिया के माध्यम से व्यापक पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनका कार्य मंत्र ‘यूनिवर्सिटी कम्स फर्स्ट’ है।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस उपलब्धि पर सुनित मुखर्जी और जनसंपर्क टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विवि की प्रतिष्ठा बनाने में शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों के साथ प्रभावी जनसंपर्क और संवाद की भी अहम भूमिका होती है। यह सम्मान एमडीयू की सकारात्मक छवि और संस्थागत उत्कृष्टता को राष्ट्रीय पहचान मिलने का प्रमाण है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा और कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने भी इस उपलब्धि को मदवि परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने इस सम्मान के लिए नेशनल मीडिया कॉन्क्लेव की आयोजन टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय कुलपति, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि विवि की प्रतिष्ठा और सकारात्मक छवि को मजबूत करना उनके लिए केवल दायित्व नहीं, बल्कि जुनून और प्रतिबद्धता है।

Girish Saini

