स्वतंत्रता के महत्व को समझना और राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करना हमारा दायित्वः एडीसी नरेंद्र कुमार
स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम पूर्वाभ्यास किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामूहिक शारीरिक अभ्यास ने समारोह स्थल को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास से पहले अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने एमडीयू परिसर स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राजीव गांधी खेल परिसर में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया गया।
ध्वजारोहण के उपरांत अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित और परेड कमांडर महम के डीएसपी तनुज शर्मा के साथ खुली जीप में सवार होकर परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया। डीएसपी तनुज शर्मा के नेतृत्व में नौ टुकड़ियों ने मुख्य मंच के सामने से गुजरते हुए शानदार मार्च पास्ट किया और सलामी दी। इसके बाद विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास का आकर्षक प्रदर्शन किया।
अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान स्कूली विद्यार्थियों ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता पर आधारित शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। संस्कार वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने जय जवान, जय किसान विषय पर प्रस्तुति दी। गुरुकुल लाढौत के विद्यार्थियों ने मल्लखंभ और योगासन प्रस्तुत किया। जॉन वेस्ले स्कूल के विद्यार्थियों ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को देशभक्ति प्रस्तुति के माध्यम से सामने रखा। मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने आर्केस्ट्रा के माध्यम से वंदे मातरम और सारे जहां से अच्छा, हिंदुस्तां हमारा जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। पठानिया पब्लिक स्कूल, लाखनमाजरा खंड के राजकीय विद्यालयों, आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, सांगवान इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों भी विभिन्न प्रस्तुतियां दी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने जिला वासियों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना जीवन और सर्वोच्च बलिदान दिया। इसलिए हमारा दायित्व है कि हम स्वतंत्रता के महत्व को समझें, राष्ट्रध्वज सहित सभी राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान करें तथा स्वतंत्रता दिवस को गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाएं।
उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। फुल ड्रेस रिहर्सल में ध्वजारोहण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य प्रस्तुतियों का मिनट-टू-मिनट अभ्यास किया गया। मुख्य समारोह के मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा होंगे। इस वर्ष समारोह की मुख्य थीम हर घर तिरंगा अभियान रहेगी।
इस दौरान आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, एसडीएम आशीष कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल की एमडी श्वेता सुहाग, नगराधीश शुभम, डीएसपी दलीप सिंह व राकेश कुमार, डीईओ मनजीत मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, विद्यालयों के प्राचार्य, टीम प्रभारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।
Girish Saini 

