सर्वोत्तम भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरीः जगमोहन मित्तल

राष्ट्र निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक पुनरुत्थान के लिए व्यापक अभियान चलाएगा भारत सर्वोत्तम ट्रस्ट

सर्वोत्तम भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरीः जगमोहन मित्तल

रोहतक, गिरीश सैनी। समाजसेवी एवं उद्योगपति जगमोहन मित्तल ने कहा कि सर्वोत्तम भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी निभानी होगी। ‘भारत पहले’ की भावना के साथ हर व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी देश में बड़े बदलाव की नींव बन सकता है।

भारत सर्वोत्तम ट्रस्ट द्वारा आयोजित पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से संवाद करते हुए ट्रस्ट के संस्थापक प्रधान जगमोहन मित्तल ने बताया कि संस्था राष्ट्र निर्माण, भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक पुनरुत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के लिए व्यापक अभियान चलाएगी।

उन्होंने कहा कि बच्चों और युवाओं को योग, प्राणायाम एवं शारीरिक श्रम से जोड़ने के साथ जंक फूड, अनियमित दिनचर्या और मोबाइल के बढ़ते इस्तेमाल के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों के अनुभवों को राष्ट्र निर्माण में शामिल करने तथा युवा रचनाकारों, वैज्ञानिकों और कलाकारों को मंच देने की भी योजना है।

महासचिव प्रो. विपिन गुप्ता ने समाज के सभी वर्गों से अभियान में भागीदारी की अपील की। इस दौरान ट्रस्ट की ओर से पौधरोपण कर और जूट के थैले वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। इस मौके पर कर्मवीर मायना, सुभाष गुप्ता, विनय आर्य, सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।