नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा 28 नवंबर को, जिले में बनेंगे 10 केंद्रः डीसी
सुबह 10:30 बजे शुरू होगी परीक्षा, अभिभावक समय रहते डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
रोहतक, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय, घुसकानी में कक्षा छठी में प्रवेश हेतु चयन परीक्षा 28 नवंबर को आयोजित की जाएगी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (जेएनवीएसटी)-2027 सुबह 10:30 बजे शुरू होगी। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में परीक्षा के सुचारू एवं पारदर्शी आयोजन के लिए 10 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें रोहतक ब्लॉक में चार, महम और कलानौर में दो-दो तथा सांपला और लाखन माजरा में एक-एक केंद्र शामिल हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।
अभिभावक नवोदय विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। तकनीकी परेशानी होने पर संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अथवा जवाहर नवोदय विद्यालय, घुसकानी से प्रवेश पत्र प्राप्त किया जा सकता है।
विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों को विद्यालय में आवासीय सुविधा के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को परीक्षा शुरू होने से पहले निर्धारित केंद्र पर पहुंचाने की अपील की।

Girish Saini

