बीएमयू ने किलोई में लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर, ग्रामीणों को मिला निःशुल्क उपचार
कमर, गर्दन और जोड़ों के दर्द से पीड़ित लोगों की जांच की
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर द्वारा गांव किलोई में निःशुल्क फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का आयोजन गांव के सरपंच नरेश के सहयोग से किया गया।
फिजियोथेरेपी विभागाध्यक्ष डॉ. चारू शर्मा के मार्गदर्शन में विशेषज्ञ टीम ने ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर, वजन और फिजियोथेरेपी असेसमेंट किया। कमर, गर्दन व जोड़ों के दर्द, मांसपेशियों में खिंचाव सहित अन्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को मैनुअल थेरेपी, इलेक्ट्रोथेरेपी और चिकित्सीय व्यायाम के जरिए उपचार एवं परामर्श दिया गया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई गईं।
शिविर में डॉ. ज्योति, डॉ. जानवी सहित अन्य ने सेवाएं दी और ग्रामीणों को नियमित व्यायाम, सही शारीरिक मुद्रा और संतुलित दिनचर्या के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।

Girish Saini

