प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व में भारत ने स्थिरता और परिवर्तन का नया इतिहास रचाः केंद्रीय मंत्री सिंधिया

प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के नेतृत्व में भारत ने स्थिरता और परिवर्तन का नया इतिहास रचाः केंद्रीय मंत्री सिंधिया

रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्रीय संचार एवं उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने कहा कि देश के लोकतांत्रिक इतिहास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबे समय तक निरंतर सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बन गये है। पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में हुए व्यापक बदलावों, आर्थिक प्रगति तथा वैश्विक स्तर पर भारत की निरंतर प्रतिष्ठा बढ़ी है।

सिंधिया ने स्थानीय वैश्य कॉलेज में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में पिछले 12 वर्षों ने एक अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है, जहां अभूतपूर्व स्थिरता और अभूतपूर्व परिवर्तन दोनों का संगम देखने को मिला है। सामान्यतः: ये दोनों परिस्थितियां एक साथ कम ही दिखाई देती हैं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने इसे साकार किया है।

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत की औसत आर्थिक वृद्धि दर लगभग 7 प्रतिशत रही है, जिसके परिणामस्वरूप देश विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। इसी आर्थिक मजबूती के आधार पर भारत ने वैश्विक मंचों पर अपनी पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।

सिंधिया ने कहा कि अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। राष्ट्रीय राजमार्गों का नेटवर्क लगभग 90 हजार किलोमीटर से बढक़र डेढ़ लाख किलोमीटर तक पहुंच चुका है। नागर विमानन क्षेत्र में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढक़र लगभग 160 तक पहुंच रही है। रेलवे क्षेत्र में क्षमता और विकास की गति में कई गुना वृद्धि दर्ज की गई है। देश के लगभग 96 प्रतिशत ब्रॉडगेज रेल नेटवर्क का विद्युतीकरण किया जा चुका है तथा 144 वंदे भारत ट्रेनें देशभर में संचालित हो रही हैं।

दूरसंचार क्षेत्र में हुए परिवर्तन को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि ब्रॉडबैंड उपयोगकर्ताओं की संख्या 6 करोड़ से बढक़र 101 करोड़ तथा इंटरनेट उपयोगकर्ताओं की संख्या 25 करोड़ से बढक़र 103 करोड़ तक पहुंच चुकी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सामाजिक विकास के क्षेत्र में भी केंद्र सरकार की योजनाओं ने व्यापक प्रभाव छोड़ा है। जनधन योजना के अंतर्गत 55 करोड़ से अधिक बैंक खाते खोले गए हैं, जिनमें लगभग 70 प्रतिशत खाते महिलाओं के हैं। देश में डिजिटल भुगतान प्रणाली यूपीआई के माध्यम से प्रतिवर्ष लाखों करोड़ रुपये के लेन-देन हो रहे हैं। पिछले 12 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक पक्के मकानों का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं तथा आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान लगभग 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है, जो स्वतंत्र भारत के इतिहास में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत 81 करोड़ लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है ताकि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

दूरसंचार क्षेत्र पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जहां 4 जी तकनीक के दौर में भारत अपेक्षाकृत पीछे था, वहीं 5 जी तकनीक के क्षेत्र में देश ने विश्व के अग्रणी देशों के साथ कदम से कदम मिलाकर प्रगति की है। रिकॉर्ड 22 महीनों के भीतर देशभर में 5 जी नेटवर्क का विस्तार किया गया तथा लगभग साढ़े चार लाख मोबाइल टावर स्थापित किए गए। वर्तमान में लगभग 40 करोड़ उपभोक्ता 5 जी सेवाओं का उपयोग कर रहे हैं और वर्ष 2030 तक यह संख्या 100 करोड़ तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 6 जी तकनीक के क्षेत्र में भारत विश्व का नेतृत्व करेगा।

इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, मेयर राम अवतार सहित अन्य मौजूद रहे।