मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसरः बृजेश पाठक

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बोले, जनता के बीच रहने वाले नेता है नायब सैनी।

मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसरः बृजेश पाठक

रोहतक, गिरीश सैनी।  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व गुरु बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पाठक ने रोहतक में मीडिया कर्मियों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के चलते करोड़ों परिवारों को गरीबी की रेखा से बाहर लाया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों का जीवन स्तर ऊपर उठाया जा रहा है। सरकार ने अपराध व भ्रष्टाचार को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाया है। रोहतक को महत्वपूर्ण लोकसभा क्षेत्र बताते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बड़ी संख्या में छोटे व बड़े उद्योग है और यहां की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रोहतक क्षेत्र में ढांचागत सुविधाओं का भी तेजी से विकास हुआ है। सडक़ व रेल जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को विश्व श्रेणी के बनाने का कार्य किया जा रहा है।

नायब सिंह सैनी को हरियाणा का मुख्यमंत्री बनाए जाने के निर्णय के संदर्भ में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी के इस फैसले से स्पष्ट हो गया है कि भाजपा में किसी भी समय छोटे से छोटे कार्यकर्ता को बड़ा पद दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नायब सिंह सैनी हरियाणा प्रदेश के ऐसे वर्ग से संबंध रखते हैं, जिसने अपनी मेहनत के बल पर पहचान बनाई है। नायब सैनी आम जनता के बीच में रहने वाले नेता है और उनके मुख्यमंत्री बनने से हरियाणा का विकास और भी तेज गति से होगा।

इस दौरान सांसद डॉ अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, लोकसभा प्रभारी राजीव जैन, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य मौजूद रहे।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने ऐतिहासिक गोकर्ण तीर्थ स्थल पर पहुंच कर महामंडलेश्वर बाबा कपिल पुरी व बाबा कमलपुरी से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि यह धार्मिक स्थल देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का एक बड़ा केंद्र है। उन्होंने तीर्थ स्थल पर बनी संत महात्माओं की समाधियों पर भी मत्था टेका।