अस्पतालों में जाकर यूआईपीएचएस विद्यार्थियों ने समझी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कार्यप्रणाली

अस्पतालों में जाकर यूआईपीएचएस विद्यार्थियों ने समझी स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी कार्यप्रणाली

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक हेल्थ साइंसेज (यूआईपीएचएस) के विद्यार्थियों ने व्यावहारिक अध्ययन के तहत हरि ओम सेवा दल अस्पताल, सेक्टर-4 और पीजीआईएमएस, रोहतक का शैक्षणिक भ्रमण किया। यूआईपीएचएस निदेशक प्रो. मुनीष गर्ग ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक कार्यप्रणाली से रूबरू कराना था।

हरि ओम सेवा दल अस्पताल में विद्यार्थियों ने अस्पताल प्रबंधन, मरीजों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और प्रभावी संवाद की भूमिका समझी। उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं और अनुभवों की जानकारी ली। वहीं, पीजीआईएमएस में विद्यार्थियों ने शरीर रचना संग्रहालय का अवलोकन कर मानव शरीर की संरचना और विभिन्न अंगों से जुड़े नमूनों का अध्ययन किया। उन्हें रोग निवारण, स्वास्थ्य संवर्धन और स्वास्थ्य देखभाल अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रियाओं की भी जानकारी दी गई।