यूआईईटी छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण के दौरान जानी जूस-सॉफ्ट ड्रिंक उत्पादन प्रक्रिया
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (यूआईईटी) के बीटेक बायोटेक्नोलॉजी के 56 विद्यार्थियों ने एनरिच एग्रो फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के संयंत्र का शैक्षणिक भ्रमण किया और सॉफ्ट ड्रिंक, जूस और पैकेज्ड वाटर के उत्पादन की विभिन्न प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी हासिल की।
इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया के साथ जल उपचार, अपशिष्ट जल (एफ्लुएंट) उपचार, गुणवत्ता नियंत्रण और औद्योगिक अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रियाओं को भी नजदीक से समझा। कंपनी के विशेषज्ञों एवं तकनीकी कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को उद्योग में अपनाई जाने वाली विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं और पायलट स्तर के उत्पादन की जानकारी दी।
शिक्षक प्रभारी प्रो. मनजीत कौर और डॉ. विकास ने कहा कि औद्योगिक भ्रमण से विद्यार्थियों को कक्षा में अर्जित सैद्धांतिक ज्ञान को वास्तविक औद्योगिक परिस्थितियों से जोड़ने का अवसर मिलता है और वे उद्योग की कार्यप्रणाली और रोजगार की आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं। कंपनी के एचआर संतोष कुमार सहित तकनीकी एवं सहयोगी स्टाफ ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।

Girish Saini 

