बेहतर चिकित्सा सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है यूएचएसआरः कुलपति डॉ. अग्रवाल
करौंथा में हेल्थ कैंप में 102 ग्रामीणों की जांच; 80% को दांतों की सफाई की जरूरत।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के लिए मल्टी-स्पेशलिटी हेल्थ कैंप प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने विवि द्वारा करौंथा गांव में आयोजित स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि विवि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
पीजीआईडीएस, रोहतक के पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. मंजूनाथ बी.सी. के नेतृत्व में विशेष मोबाइल डेंटल वैन के सहयोग से करौंथा में आयोजित इस शिविर में 102 ग्रामीणों की जांच की गई। सभी की निशुल्क जांच, दवाइयां, उपचार और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
कैंप में त्वचा रोगों के बड़ी संख्या में मामले सामने आए। विशेषज्ञों ने लोगों में फंगल इंफेक्शन, डर्मेटाइटिस और मेलास्मा की शिकायतें पाईं। सामान्य स्वास्थ्य जांच में करीब 25 प्रतिशत लोगों में बुखार, 50 प्रतिशत में घुटनों व जोड़ों का दर्द और करीब 30 प्रतिशत में हाई ब्लड प्रेशर पाया गया। करीब 20 प्रतिशत महिलाओं में एनीमिया मिला। मरीजों को आवश्यक दवाइयां देकर फॉलोअप की सलाह दी गई।
दंत जांच में करीब 80 प्रतिशत मरीजों को स्केलिंग, जबकि 50 प्रतिशत को दांत भरने या निकालने की जरूरत मिली। मोबाइल डेंटल बस में मौके पर निशुल्क उपचार किया गया। साथ ही, मरीजों को सही तरीके से ब्रश करने और मुंह की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में पीजीआईएमएस विशेषज्ञों - सीनियर रेजिडेंट डॉ. कल्पना सांगवान, कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. पलक, डॉ. अभिषेक, डॉ. गुरलीन कौर, पीएचसी करौंथा की मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रीति, डेंटल सर्जन डॉ. श्रेया, व टीम, आशा वर्कर्स और गांव के सरपंच अरविन ने सहयोग किया।

Girish Saini 

