आईएफएफएच में सुपवा की दो फिल्मों का जलवा
व्हिस्पर्स ऑफ द हॉर्स बेस्ट फिल्म, जंगली रानी के लिए नाव्या हयारण को मिला बेस्ट डायरेक्टर अवॉर्ड
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) की दो छात्र फिल्मों ने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ हाइफा (आईएफएफएच) में दो पुरस्कार हासिल किए। पुरस्कार समारोह में व्हिस्पर्स ऑफ द हॉर्स को बेस्ट स्टूडेंट फिल्म (भारतीय) और जंगली रानी के लिए नाव्या हयारण को बेस्ट डायरेक्टर का पुरस्कार मिला।
फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि दोनों फिल्मों का निर्माण सुपवा ने किया है और ये एफटीवी विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम का हिस्सा हैं। फिल्मों में अभिनय, संगीत, वेशभूषा, कला निर्देशन और निर्देशन समेत विभिन्न जिम्मेदारियां छात्रों ने निभाईं। फेस्टिवल चेयरमैन व अभिनेता यशपाल शर्मा ने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा भी मौजूद रही।
व्हिस्पर्स ऑफ द हॉर्स का कथानक 2021 के लॉकडाउन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म एक ऐसे युवक की कहानी है, जो पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अपने सपनों और आजादी के लिए संघर्ष करता है। इसका निर्देशन तुषार ने किया है। वहीं, जंगली रानी सिनेमा की चमक-दमक के पीछे छिपे शोषण और अमानवीयता को सामने लाती है। फिल्म का निर्देशन नाव्या हयारण ने किया है। कुलपति डॉ. अमित आर्य ने दोनों पुरस्कारों को विवि के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

Girish Saini 

