80 लाख रुपये की लागत से शहर में लगी दो अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन
मेयर ने किया शुभारंभ।
रोहतक, गिरीश सैनी। नगर निगम द्वारा नागरिकों को आधुनिक सूचना सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शहर में दो अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। मेयर रामअवतार वाल्मिकी ने नारियल फोड़कर ये दोनों स्क्रीन आमजन को समर्पित की।
उद्धाटन उपरांत मेयर रामअवतार वाल्मिकी ने बताया कि नगर निगम द्वारा लगभग 80 लाख रुपये की लागत से दिल्ली बाईपास और मेडिकल मोड़ पर दो अत्याधुनिक एलईडी स्क्रीन स्थापित की गई हैं। दिल्ली बाईपास पर लगी स्क्रीन का आकार 6x3 मीटर व मेडिकल मोड़ पर लगी स्क्रीन का आकार 8x4 मीटर है। उन्होंने कहा कि स्क्रीन द्वारा नागरिकों को सरकारी योजनाओं, नीतियों और जनजागरूकता संदेश देने के साथ-साथ स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं सम्पत्तिकर से संबंधित सूचना उपलब्ध कराई जाएगी। इससे शहर के सौंदर्यकरण और आधुनिक छवि में भी वृद्धि होगी।
निगमायुक्त डॉ. आनंद कुमार शर्मा ने कहा कि ये स्क्रीन केवल सूचना देने का माध्यम ही नहीं, बल्कि नागरिकों से जुड़ाव का सेतु भी हैं। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन लगातार शहर को आधुनिक और स्मार्ट बनाने की दिशा में प्रयासरत है। इस दौरान युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर सहित अन्य अधिकारी व गणमान्य मौजूद रहे।
Girish Saini 


