जीजेयू से दो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए

जीजेयू से दो कर्मचारी सेवानिवृत्त हुए

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि से एक उपकुलसचिव तथा एक कुक सेवानिवृत्त हो गए। इन कर्मचारियों के सम्मान में आयोजित सेवा सम्मान समारोह की अध्यक्षता कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने की। इस दौरान कुलसचिव डा. विजय कुमार मौजूद रहे। सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों में उपकुलसचिव डा. सत्यवीर सिंह तथा कुक बल बहादुर थापा शामिल हैं।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि की प्रगति में इन कर्मचारियों का श्रेष्ठ योगदान है और इन्होंने निष्ठा व लगन से अपनी ड्यूटी को निभाया है। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सुखद एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। कुलसचिव डा. विजय कुमार ने भी सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के स्वस्थ जीवन की कामना की।

डा. सत्यवीर सिंह ने अपने करियर की शुरुआत एमडीयू, रोहतक से की और गुजवि में 20 जनवरी 1996 को सहायक के पद पर उनकी सेवाओं को समायोजित किया गया। कुक बल बहादुर थापा ने गुजवि में 1 नवम्बर 1995 को एडहॉक आधार पर कुक-कम-चौकीदार के पद पर ज्वाइन किया और वे 6 मई 1997 को कुक के पद पर नियमित रूप से नियुक्त हुए। समारोह को प्रो. यशपाल सिंगला, प्रो. ऋषि पाल, प्रो. विनोद कुमार बिश्नोई, प्रो. अनिल कुमार भानखड़ व अशोक कौशिक ने भी सम्बोधित किया। सेवानिवृत हुए कर्मचारियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। सेवानिवृत कर्मचारियों को शाल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान विवि अधिकारी, कर्मचारी व सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन मौजूद रहे।