भारतीय सांस्कृतिक विरासत एवं ज्ञान परंपरा पर केन्द्रित दो दिवसीय रंग कलम साहित्यिक इवेंट का 14 मार्च कोहोगा आगाज

भारतीय सांस्कृतिक विरासत एवं ज्ञान परंपरा पर केन्द्रित दो दिवसीय रंग कलम साहित्यिक इवेंट का 14 मार्च कोहोगा आगाज

रोहतक, गिरीश सैनी । भारतीय भाषाएं, सांस्कृतिक विरासत एवं ज्ञान परंपरा थीम पर केन्द्रित रंग कलम साहित्यिक इवेंट 14-15 मार्च को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में आयोजित किया जाएगा।

एमडीयू में रंग महोत्सव मेगा इवेंट के तहत आयोजित किए जाने वाले इस साहित्यिक कार्यक्रम रंग कलम में 14 मार्च को कुलपति प्रो. राजबीर सिंह उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता करेंगे। बीज वक्तव्य प्रतिष्ठित संस्कृत विद्वान एवं लेखक प्रो. अभिराज राजेन्द्र मिश्र देंगे। प्रतिष्ठित लेखक भगवान दास मोरवाल के नवीनतम उपन्यास कांस का लोकार्पण उद्घाटन सत्र में किया जाएगा।

14 मार्च को रंग कलम के दूसरे सत्र में लेखक भगवान दास मोरवाल अपनी नवीनतम कृति कांस पर अपनी अभिव्यक्ति देंगे। 14 मार्च को ही तीसरे सत्र में लेखक मंच का आयोजन होगा। इस सत्र में वर्तमान काल में साहित्य लेखन और साहित्य लेखन की चुनौतियां विषय पर एक परिचर्चा का आयोजन होगा।

15 मार्च को रंग कलम में पंजाब विवि, चंडीगढ़ से प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. सुधीर कुमार विशिष्ट व्याख्यान देंगे। अधिष्ठाता, छात्र कल्याण तथा रंग महोत्सव के संयोजक प्रो. रणदीप राणा इस अवसर पर मुख्य अतिथि होंगे। प्रतिष्ठित विद्वान प्रो. सुरेन्द्र कुमार भारतीय ज्ञान परंपरा पर विशिष्ट व्याख्यान देंगे।

प्रतिष्ठित पंजाबी लेखक डा. गुरप्रीत सिंह, प्रतिष्ठित विद्वान डा. मोहित का व्याख्यान होगा। प्रो. अभिराज राजेन्द्र मिश्र अध्यक्षीय व्याख्यान देंगे। यह कार्यक्रम 14-15 मार्च को एमडीयू के स्वराज सदन में आयोजित किया जाएगा। 14 मार्च को रंग कलम इवेंट प्रातः 10.30 बजे प्रारंभ होगा। रंग कलम संयोजिका डा. सुनीता सैनी ने विश्वविद्यालय समुदाय सदस्यों समेत स्थानीय समुदाय के साहित्य प्रेमी नागरिकों को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया है।