गांव के विकास का सबसे सशक्त और लोकतांत्रिक मंच है ग्राम सभाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

गांव के विकास का सबसे सशक्त और लोकतांत्रिक मंच है ग्राम सभाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

करनाल, गिरीश सैनी। विकास योजनाओं की सफलता तभी संभव है, जब पंचायत प्रतिनिधि और ग्रामीण मिलकर पारदर्शिता, सहभागिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। ये विचार हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान ने ग्राम पंचायत अलावला में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। सरपंच अजीत सिंह राणा ने डॉ. चौहान का गांव पहुंचने पर स्वागत किया।


डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने ग्रामवासियों का आह्वान किया कि वे ग्राम सभा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि ग्राम सभा ही गांव के विकास की सबसे सशक्त और लोकतांत्रिक मंच है। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा के माध्यम से रखे गए प्रस्ताव ही गांव की वास्तविक जरूरतों को दर्शाते हैं और इन्हीं के आधार पर प्रभावी विकास योजनाएं बनाई जा सकती हैं। उन्होंने सरपंच से कहा कि ग्राम सभा की सूचना अधिक से अधिक गांव में पहुंचाई जाए, ताकि हर ग्रामीण अपनी सहभागिता सुनिश्चित कर सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि अगली ग्राम सभा में वे स्वयं उपस्थित रह कर ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे।

 

राष्ट्रीय ग्रामीण विकास संस्थान से गुरबिंदर सिंह ने भी ग्राम विकास योजना की प्रक्रिया, योजना निर्माण में ग्रामीण सहभागिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने विचार साझा किए। इस दौरान बाद सिंह, नरेश, कृष्ण कुमार, हरपाल, राजिंदर, समरूद्दीन, तेजा राणा, कालू सिंह, लीलू सिंह, राजिंदर सिंह, नरपाल सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।