चंडीगढ़ नेशनल क्राफ्ट्स मेले में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 1 दिसंबर से

लोक साहित्य, कला और सांस्कृतिक विरासत पर देशभर के विद्वान करेंगे मंथन; कश्मीरी, हिमाचली और पंजाबी लोक परंपराओं पर होंगी विशेष चर्चाएं

चंडीगढ़ नेशनल क्राफ्ट्स मेले में दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 1 दिसंबर से

चंडीगढ़। 16वें चंडीगढ़ नेशनल क्राफ्ट्स मेले के अंतर्गत लोक साहित्य, कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और समकालीन संदर्भों पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन 1 और 2 दिसंबर को किया जाएगा। पंजाब विश्वविद्यालय के गांधी भवन में होने वाली इस संगोष्ठी का आयोजन कालिदास पीठ, पंजाब विश्वविद्यालय के सहयोग से किया जा रहा है।

संगोष्ठी में देशभर के साहित्यकार, शिक्षाविद और सांस्कृतिक विशेषज्ञ लोक परंपराओं, लोक साहित्य तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श करेंगे।

पहले दिन 1 दिसंबर को सुबह 10 बजे उद्घाटन सत्र होगा। इसमें पद्मश्री प्रो. संत राम देसवाल लोक साहित्य एवं संस्कृति के अनूठे पहलुओं पर अपने विचार रखेंगे। सत्र की अध्यक्षता प्रो. अशोक कुमार करेंगे।

सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक पहले सत्र में प्रो. महा सिंह पूनिया सांग परंपरा एवं गायन शैलियों के विविध स्वरूपों पर चर्चा करेंगे, जबकि प्रो. प्रतिभा राणा लोकसंगम की सार्थकता में रामलीला और नौटंकी की भूमिका पर विचार रखेंगी। सत्र का संचालन डॉ. सुरेश सिंह राठौरे करेंगे।

दोपहर 2:30 से 4 बजे तक दूसरे सत्र में डॉ. सुरेश सिंह राठौरे लोक साहित्य की क्षीण होती वाचिक परंपराओं, संरक्षण एवं समकालीन संदर्भों पर चर्चा करेंगे। प्रो. शिव प्रसाद शुक्ला रामलीला का वैभव विषय पर प्रस्तुति देंगे। इस सत्र का संचालन डॉ. सूरत ठाकुर करेंगे।

दूसरे दिन कश्मीरी, हिमाचली और पंजाबी लोकसंस्कृति पर चर्चा

2 दिसंबर को सुबह 10 से 11 बजे तक पहले सत्र में प्रो. फारूक फयाज कश्मीरी लोकनाट्य भांड पाथर के विविध रूपों पर चर्चा करेंगे। डॉ. भवानी सिंह हिमाचल प्रदेश की प्रसिद्ध सांस्कृतिक धरोहर ‘मंडा लोकनाट्य’ पर अपने विचार रखेंगे। सत्र का संचालन प्रो. शैलेन्द्र कुमार शर्मा करेंगे।

सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1 बजे तक दूसरे सत्र में प्रो. हरप्रीत सिंह पंजाबी लोकगीतों में मानवीय मूल्य, रिश्तों की संवेदना और जीवन-दर्शन को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करेंगे। डॉ. सूरत ठाकुर हिमाचली लोकसंगीत की सामाजिक एकता में भूमिका पर चर्चा करेंगे। सत्र की अध्यक्षता प्रो. अशोक कुमार करेंगे।

दोपहर 2:30 से 4 बजे तक तीसरे और समापन सत्र में प्रो. शैलेन्द्र कुमार शर्मा लोक संस्कृति और रंगमंच विषय पर विचार रखेंगे, जबकि प्रो. सुनील कुमार (विभागाध्यक्ष , हिंदी-विभाग, गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर) भारतीय साम्राज्यवाद और लोक संस्कृति पर चर्चा करेंगे। समापन सत्र की अध्यक्षता भी प्रो. अशोक कुमार करेंगे।

सेंटर डायरेक्टर डॉ अश्विन दलवी ने बताया कि संगोष्ठी का उद्देश्य लोक साहित्य और सांस्कृतिक परंपराओं के महत्व को रेखांकित करते हुए इनके संरक्षण तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों को प्रोत्साहित करना है।