गुरुद्वारा सोमा शाह में स्कूली बच्चों ने सीखी गुरु नानक देव की शिक्षाएं

शैक्षणिक भ्रमण में सिख धर्म की परंपराओं से हुए रूबरू, शांति, प्रेम और समानता का संदेश अपनाने की मिली प्रेरणा

गुरुद्वारा सोमा शाह में स्कूली बच्चों ने सीखी गुरु नानक देव की शिक्षाएं

रोहतक, गिरीश सैनी। सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में डीएलएफ कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा बाबा सोमा शाह में मदर्स प्राइड स्कूल और रोज पेटल स्कूल के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान बच्चों को सिख धर्म के इतिहास, परंपराओं और गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं से परिचित करवाया गया।
गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी भाई गुरजीत सिंह ने विद्यार्थियों को सिख धर्म की समृद्ध विरासत और गुरुओं के जीवन प्रसंगों की जानकारी दी। उन्होंने गुरु नानक देव जी के उपदेशों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। वहीं, हजूरी रागी बीबा मनजोत कौर ने नानक बाणी का गायन कर बच्चों को शांति, दया, प्रेम और समानता का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से मूल मंत्र का जाप भी करवाया।
मदर्स प्राइड स्कूल के प्ले ग्रुप से ग्रेड-4 तक के विद्यार्थियों ने शिक्षिकाओं तनुजा, रेनू, साक्षी, कोमल, अक्षिता, तुषार और सपना के नेतृत्व में भ्रमण किया। गुरुद्वारे में अरदास के बाद सभी बच्चों को प्रसाद वितरित किया गया।विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक और यादगार अनुभव बताया।