गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर रोहतक में उमड़ा आस्था का सैलाब
पंच प्यारों की अगुवाई में निकला भव्य नगर कीर्तन, जगह-जगह संगत ने लगाए लंगर; पूर्व सीएम हुड्डा ने भी टेका माथा
रोहतक, गिरीश सैनी। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार को रोहतक में भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख संगत और अन्य श्रद्धालुओं ने शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की। पूरे शहर में गुरु नानक देव जी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर कीर्तन की शुरुआत जींद रोड स्थित नौवीं पातशाही गुरुद्वारा बंगला साहिब से हुई। शोभायात्रा गुरुद्वारा टिकाना साहिब, भिवानी स्टैंड, रेलवे रोड, झज्जर रोड, शांतमई चौक, गोहाना अड्डा और पाड़ा मोहल्ला सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।
नगर कीर्तन के मार्ग में संगत द्वारा जगह-जगह लंगर लगाए गए। श्रद्धालुओं ने सेवा भाव से लंगर वितरित कर गुरु परंपरा के प्रति अपनी आस्था जताई। इस अवसर पर गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को याद करते हुए मानवता, समानता, आपसी भाईचारे और निस्वार्थ सेवा का संदेश दिया गया।
पूर्व सीएम हुड्डा ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में टेका माथा
प्रकाश पर्व पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा गुरुद्वारा बंगला साहिब पहुंचे और दरबार साहिब में माथा टेककर सरबत के भले के लिए अरदास की। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी द्वारा दिए गए मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के संदेश आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने सभी से इन शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस दौरान विधायक भारत भूषण बतरा, पूर्व सांसद शादीलाल बतरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।

Girish Saini

