जेएनवी रोहतक में दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव, चयनित विद्यार्थी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा

जेएनवी रोहतक में दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव, चयनित विद्यार्थी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह के मार्गदर्शन में गांव घुसकानी स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय (जेएनवी) रोहतक में दो दिवसीय संकुल स्तरीय कला उत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कर्नल सुखविंदर सिंह रहे।

कला उत्सव में 11 जवाहर नवोदय विद्यालयों के करीब 120 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें पानीपत, यमुनानगर, कैथल, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, अंबाला, करनाल, पंचकूला, कुरुक्षेत्र और महेंद्रगढ़ के विद्यालय शामिल रहे।

प्रतियोगिता में एकल नृत्य, क्षेत्रीय शास्त्रीय नृत्य, समूह शास्त्रीय नृत्य तथा थिएटर एवं नाटक जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मनमोहक प्रस्तुतियों और वाद्य यंत्रों की धुनों के जरिए विद्यार्थियों ने भारतीय कला एवं संस्कृति की विविधता को मंच पर जीवंत किया। दर्शकों ने तालियों से प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

प्राचार्य सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कला उत्सव बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को मंच देने के साथ उन्हें भारतीय कला एवं संस्कृति से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि संकुल स्तर पर चयनित विद्यार्थी और टीमें अब क्षेत्रीय प्रतियोगिता में जेएनवी चुरू, राजस्थान में हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिताओं के मूल्यांकन के लिए एमडीयू और डीएलसी सुपवा सहित विभिन्न संस्थानों के कला एवं डिजाइन विशेषज्ञों को निर्णायक बनाया गया, जिनमें एमडीयू के असिस्टेंट प्रोफेसर नीरज, डीएलसी सुपवा के अनिल कुमार व प्रकाश दास खांडेय प्रमुख रहे।