एमडीयू में छात्राओं की सुविधाओं का महिला आयोग ने लिया जायजा, उपाध्यक्ष मीना परमार ने सुधार के निर्देश दिए

छात्राओं के कल्याण और बेहतर शैक्षणिक माहौल के लिए विवि प्रतिबद्धः कुलपति प्रो. पूनियाँ

एमडीयू में छात्राओं की सुविधाओं का महिला आयोग ने लिया जायजा, उपाध्यक्ष मीना परमार ने सुधार के निर्देश दिए

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने सोमवार को एमडीयू का दौरा कर छात्राओं के लिए मैस, रीडिंग हॉल और कॉमन रूम सहित विभिन्न सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अभिलाषा कन्या छात्रावास परिसर के भागीरथी, नर्मदा और सरस्वती छात्रावासों का निरीक्षण किया तथा छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानी। उन्होंने मैस में महिला कुक की व्यवस्था करने, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा शौचालयों की नियमित सफाई के निर्देश दिए।

उन्होंने विश्वविद्यालय की आंतरिक शिकायत समिति के कामकाज और निपटाई गई शिकायतों की जानकारी भी ली। माइक्रोबायोलॉजी विभाग में प्रो. कृष्ण कांत शर्मा की प्रयोगशाला का दौरा कर शोधार्थियों से संवाद किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विशेषकर महिला शिक्षा को बढावा देने के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं।

इस दौरान कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि विवि प्रशासन छात्राओं की सुरक्षा, कल्याण और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए प्रतिबद्ध है। कन्या छात्रावासों में सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए विवि प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।

मीना परमार ने विवि की आधारभूत सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर संतोष जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और कल्याण के साथ उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस दौरान कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल, डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. रणदीप राणा, चीफ प्रॉक्टर प्रो. राजेश पूनिया, चीफ वार्डन एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, महिला थाना प्रभारी मीना, जिला संरक्षण अधिकारी करमिंद्र कौर सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक मौजूद रहे।