डीसी ऑफिस में उर्दू रिकॉर्ड की नकल के लिए दो कॉपीस्ट होंगे नियुक्त, 14 सितंबर तक कर सकेंगे आवेदनः उपायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त कार्यालय में उपलब्ध पुराने उर्दू रिकॉर्ड की स्पष्ट एवं सही नकल तैयार करने के लिए दो उर्दू कॉपीस्ट की आवश्यकता है। निर्धारित योग्यता पूरी करने वाले इच्छुक अभ्यर्थी 14 सितंबर 2026 को शाम 4 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि उर्दू रिकॉर्ड की नकल तैयार करने के लिए कॉपीस्ट को डीआईटीएस के माध्यम से प्रति नकल 50 रुपये मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा, निजी व्यक्तियों के उर्दू दस्तावेजों का हिंदी में अनुवाद करने पर कॉपीस्ट निजी व्यक्ति से 100 रुपये प्रति पृष्ठ की दर से राशि ले सकेंगे।
आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी और कम से कम 18 वर्ष का होना चाहिए। उसने मान्यता प्राप्त बोर्ड से उर्दू विषय सहित मैट्रिक उत्तीर्ण की हो अथवा किसी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान से उर्दू में डिप्लोमा या समकक्ष योग्यता प्राप्त की हो। इच्छुक अभ्यर्थी आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, शैक्षणिक योग्यता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित अपना आवेदन स्थानीय लघु सचिवालय के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 101 में जमा करवा सकते हैं।

Girish Saini

