जीयू में तिरंगे की गूंज, विशाल भारत दिवस पर राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण चेतना का संदेश

भारत की प्राचीन विरासत ही भविष्य के वैश्विक नेतृत्व की नींव : इंद्रेश कुमार

जीयू में तिरंगे की गूंज, विशाल भारत दिवस पर राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण चेतना का संदेश

गुरुग्राम, गिरीश सैनी। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुग्राम विवि में देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना से ओत-प्रोत दो प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्र कल्याण विभाग की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत निकाली गई तिरंगा यात्रा को कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विवि परिसर से शुरू हुई यात्रा समसपुर, तिगरा गांव और आर्टिमिस अस्पताल से होते हुए वापस विवि पहुंची। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा एनसीसी-एनएसएस स्वयंसेवकों ने हाथों में तिरंगा लेकर सहभागिता की। इस दौरान देशभक्ति गीत प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

वहीं, पर्यावरण विज्ञान एवं जैव-विज्ञान विभाग द्वारा विशाल भारत दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में अतिथियों ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बतौर मुख्य अतिथि, आरएसएस के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार ने भारतीय ज्ञान परंपरा और वैश्विक नेतृत्व पर विचार रखते हुए कहा कि भारत की प्राचीन विरासत ही भविष्य के वैश्विक नेतृत्व की नींव है।

विशिष्ट अतिथि के रूप में आरएसएस हरियाणा के प्रांत संघचालक प्रताप ने पर्यावरणीय चेतना और जलवायु परिवर्तन के प्रति युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया। कुलपति प्रो. संजय कौशिक ने विवि परिवार से राष्ट्र निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर समर्पित रहने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच के राष्ट्रीय संगठन मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा ले. जन. अरविंदर सिंह लाम्बा ने भी अपने विचार साझा किए। इस दौरान कुलसचिव डॉ. संजय अरोड़ा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. राकेश कुमार योगी, कर्नल डॉ. समीर कौशिक, सहित विवि के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।