भारत माता के गौरव का प्रतीक है तिरंगाः डॉ सुधा यादव

बेरी में पन्ना प्रमुख सम्मेलन आयोजित।

भारत माता के गौरव का प्रतीक है तिरंगाः डॉ सुधा यादव

झज्जर, गिरीश सैनी। तिरंगा हाथ में लेकर हर आदमी अपने आपको गौरवान्वित महसूस करता है सैनिक सरहदों पर इस तरह तिरंगे के लिए ही अपने प्राण न्यौछावर कर देते हैं। तिरंगा हमारी विश्व में पहचान है, इसके लिए असंख्य वीरों ने अपनी कुर्बानियां दी है। यह बात बेरी में आयोजित पन्ना प्रमुख सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य व पूर्व सांसद डॉ सुधा यादव ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। सबसे ज्यादा समर्पित कार्यकर्ता भाजपा के हैं। भाजपा ने अब जिला, खंड व शक्ति केंद्र और बूथ व पन्ने तक कार्यकर्ताओं की फौज तैयार कर ली है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों के कारण केंद्र और हरियाणा में फिर से भाजपा की सरकार बनेगी।

रोहतक लोकसभा सांसद डॉ सांसद अरविंद शर्मा ने कहा कि आज हरियाणा में बेरी हलके के कारण ही रोहतक व झज्जर की पहचान है। हैदराबाद का सत्याग्रह हो या हिंदी आंदोलन हो या फिर आजादी की लड़ाई यहां के लोगों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया है। यहां के नेताओं पं. भगवत दयाल शर्मा और प्रो शेर सिंह ने हरियाणा व देश में इस इलाके की पहचान दी है।

सम्मेलन संयोजक जिला अध्यक्ष विक्रम कादियान ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त और परिवारवाद मुक्त भारत को बनाने के लिए पन्ना प्रमुख ही बदलाव ला सकते हैं। भाजपा की रीति नीति को जनता तक पहुंचाने के लिए पन्ना प्रमुख ही एक सार्थक कड़ी का काम करते हैं। पन्ना प्रमुख भाजपा का तीसरा नेत्र है जो जनता व सरकार के बीच में एक सार्थक कड़ी का कार्य करते हैं।

इस सम्मेलन में पूर्व प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी, जिला प्रभारी महेश चौहान, जिला परिषद चेयरमैन कप्तान बिरधाना, लोकसभा प्रभारी आनंद सागर, डॉ मदन गोयल, डॉ किरण, नीलम अहलावत, हरि प्रकाश यादव, राजेंद्र शर्मा, डॉ वीरेंद्र कादयान सहित बेरी विधान सभा के सरपंच, ब्लॉक समिति सदस्य व अन्य जनप्रतिनिधि व तमाम पन्ना प्रमुख मौजूद रहे।