बीएमयू में कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति कार्यक्रमों व पौधारोपण द्वारा शहीदों को दी श्रद्धांजलि

बीएमयू में कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति कार्यक्रमों व पौधारोपण द्वारा शहीदों को दी श्रद्धांजलि

रोहतक, गिरीश सैनी। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर में मेडिकल एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान संकाय, प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय तथा एनसीसी इकाई द्वारा शहीदों के सम्मान में विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित कर मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं शहीदों के प्रति दो मिनट के मौन के साथ हुआ। बतौर मुख्य अतिथि, कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का साहस, त्याग और बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थियों की भूमिका केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में मानव सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य, कविता पाठ प्रस्तुत किए। कारगिल के वीरों को सलाम विषय पर लाइव पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा दर्शाई।

प्रबंधन एवं वाणिज्य संकाय द्वारा आयोजित प्रेरणादायक व्याख्यान में बतौर मुख्य वक्ता ऑनरेरी कैप्टन दिनेश कुमार ने कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

एनसीसी इकाई द्वारा एक कैडेट–एक पौधा अभियान के अंतर्गत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम मे कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार ने पौधारोपण किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्र के वीर सैनिकों के बलिदान का सम्मान, दोनों ही प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व हैं। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।