केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पौधारोपण अभियान आयोजित

केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर पौधारोपण अभियान आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वन मंडल, रोहतक द्वारा व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत रोहतक, महम तथा गांव मकड़ौली में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, पर्यावरण प्रेमियों तथा वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान उपस्थित लोगों से आह्वान किया गया कि वे अपने जीवन के प्रत्येक खुशी के अवसर जैसे जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, पारिवारिक उत्सव अथवा अन्य विशेष अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं तथा उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

वन मंडल अधिकारी सुभाष कालरा ने कहा कि जिला में हरित आवरण बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने के उद्देश्य से भविष्य में भी इसी प्रकार के पौधारोपण अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। इस दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ लेते हुए संकल्प लिया कि वे अपने जीवन के हर शुभ अवसर पर एक पौधा लगाएंगे, उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाएंगे तथा अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करेंगे।