सेवा संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाएं, स्वच्छता को करें जन-आंदोलनः मंत्री कृष्ण बेदी

17 अक्टूबर तक चल रहे अभियान में स्वच्छता, रक्तदान और पौधरोपण में भागीदारी का आह्वान किया।

सेवा संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाएं, स्वच्छता को करें जन-आंदोलनः मंत्री कृष्ण बेदी

रोहतक, गिरीश सैनी। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा सेवा संकल्प अभियान सेवा और जनभागीदारी को बढ़ावा देने का माध्यम है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, रक्तदान और एक पेड़ मां के नाम सहित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

स्थानीय सिंचाई विश्राम गृह में सफाई कर्मचारियों और युवाओं ने मंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बेदी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी विभागों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम, नगर परिषद और नगर पालिका कर्मचारियों से पूरे मनोयोग से अभियान को सफल बनाने की अपील की। इस दौरान भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, प्रदेश सचिव प्रतिभा सुमन सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

नशे के खिलाफ सरकार की कार्रवाई पर बेदी ने कहा कि तस्करी पर नियंत्रण के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है। पड़ोसी राज्यों की एजेंसियों के साथ समन्वय कर नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार में कर्मचारियों के हित सुरक्षित हैं और अनुसूचित जाति समाज के कल्याण तथा सम्मान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री आवास का नाम संत कबीर कुटीर रखा गया है।