बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए-1 व 2 को एसआईआर का प्रशिक्षण दिया
एसआईआर 15 जून से।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता के निर्देशानुसार जिला की चारों विधानसभाओं के बूथ स्तर अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा राजनीतिक पार्टियों के एजेंट एक व दो को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रशिक्षण दिलवाया गया।
निर्वाचन तहसीलदार सरला कौशिक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग एवं हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार 15 जून 2026 से मतदाता सूचियों को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) किया जायेगा। कार्यक्रम के अनुसार 15 जून से 14 जुलाई 2026 तक गणना का कार्य होगा। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना तथा मृत, स्थानांतरित अथवा डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाकर वास्तविक मतदाताओं का सही रिकॉर्ड तैयार करना है।
निर्वाचन तहसीलदार सरला कौशिक ने कहा कि निर्वाचन कार्यालय द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफलता पूर्वक संपन्न करवाने के दृष्टिगत बूथ स्तर अधिकारियों, सुपरवाइजरों तथा राजनीतिक पार्टियों के एजेंटों को इस बारे में प्रशिक्षण दिया गया है। रोहतक जिला की चारों विधानसभाओं महम, गढ़ी-सांपला-किलोई, रोहतक तथा कलानौर (अजा) के बूथ स्तर अधिकारियों तथा सुपरवाइजरों को स्थानीय जिला विकास भवन के सभागार में 100-100 के बैच में प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
इसी कड़ी में स्थानीय एमडीयू के टैगोर सभागार में चारों विधानसभाओं के राजनीतिक दलों के बूथ स्तर एजेंटों को दो सत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण बारे प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान उन्हें उनकी भूमिका बारे विस्तार से जानकारी दी गई। यदि कोई व्यक्ति निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के निर्णय से असंतुष्ट होता है, तो वह जिला मजिस्ट्रेट तथा बाद में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष अपील कर सकेगा।
निर्वाचन तहसीलदार ने कहा कि इसके अतिरिक्त राज्य के बाहर से स्थानांतरित होकर आने वाले नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रपत्र-6 के साथ अतिरिक्त घोषणा-पत्र भी जमा करना होगा। मतदाताओं की सुविधा के लिए जिला कॉल सेंटर (1950) को सक्रिय किया गया है। कोई भी मतदाता मतदाता सूची से संबंधित जानकारी एवं सहायता प्राप्त करने के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकता है।
Girish Saini 

