विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का कार्य 28 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में बुधवार को गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा एवं रोहतक विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में नियुक्त बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। जिला की सभी चारों विधानसभाओं के बूथ स्तर अधिकारियों व सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
गढ़ी-सांपला-किलोई विधानसभा की रिटर्निंग अधिकारी अंकिता पुवार व रोहतक विधानसभा के रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार ने बीएलओ व सुपरवाइजरों को भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों अनुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के कार्य को निर्धारित समय तक पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। मतदाताओं की सुविधा के लिए ड्राफ्ट मतदाता सूची जिला प्रशासन की वेबसाइट तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता अपना नाम voters.eci.gov.in पर भी देख सकते हैं। इसके अलावा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए निर्वाचन हेल्पलाइन 1950 अथवा संबंधित निर्वाचन सहायता केंद्र से संपर्क किया जा सकता है। सभी बूथ स्तर अधिकारी 30 अगस्त तक सुबह 9 से 5 बजे तक मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहेंगे। यदि किसी पात्र व्यक्ति को अपना नाम मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाना है या विवरण में संशोधन करवाना है तो इस दौरान वे अपने मतदान केन्द्र पर पहुंचकर बूथ स्तर अधिकारियों के पास फार्म जमा करवा सकते हैं।
Girish Saini 

