भाजपा के हर बूथ पर प्रशिक्षित कार्यकर्ता, निकाय चुनाव में 100 प्रतिशत जीत की रणनीति तैयारः भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा नगर निकाय चुनाव सिंबल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा का हर बूथ कार्यकर्ता पूरी तरह प्रशिक्षित है और नगर निकाय चुनाव में भाजपा की 100 प्रतिशत जीत तय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी 377 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हो चुके हैं। इसके साथ ही 10 मई को होने वाले नगर निकाय चुनाव के बाद सभी 27 संगठनात्मक जिलों में 36 घंटे का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रदेशाध्यक्ष बड़ौली बुधवार को संगठनात्मक बैठक के बाद स्थानीय भाजपा प्रदेश कार्यालय मंगल कमल में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी व प्रदेश सह मीडिया प्रभारी शमशेर सिंह खरक भी मौजूद रहे।
इससे पहले बड़ौली की अध्यक्षता में आयोजित संगठनात्मक बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया, डा. अर्चना गुप्ता, केंद्र से प्रशिक्षण टोली के सदस्य अजय महावर, मदन गोयल और भारत भूषण जुयाल सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों से बातचीत में बड़ौली ने कहा कि इस बैठक में सभी 27 जिलों के जिलाध्यक्ष व पदाधिकारियों को बुला कर उनकी जिम्मेदारियां तय की गई है। 36 घंटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को 12 अलग-अलग विषयों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी, जिससे संगठनात्मक दक्षता और मजबूत होगी। प्रत्येक जिले से छह-छह कार्यकर्ताओं को चयनित कर उन्हें विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को और अधिक प्रभावी बना सकें।
नगर निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा मेयर और वार्ड पार्षद के चुनाव पार्टी के सिंबल पर लड़ेगी। इसके साथ ही रेवाड़ी में परिषद चुनाव, सांपला नगर पालिका तथा धारूहेड़ा और उकलाना में चेयरमैन के चुनाव भी भाजपा अपने चुनाव चिन्ह कमल पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी इन चुनावों में 100 प्रतिशत जीत हासिल करेगी और इसके लिए पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जनता ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए तैयार है। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है और जनता चाहती है कि स्थानीय निकायों में भी भाजपा की सरकार बने, जिससे विकास कार्यों को और गति मिल सके। एक अन्य सवाल के जवाब में बड़ौली ने कहा कि पार्टी बहुत जल्द अपने प्रत्याशियों की सूची जारी करेगी।
महिला आरक्षण को लेकर पूछे गए सवाल पर बड़ौली ने कहा कि भाजपा 2029 के चुनावों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच गलत है, नीति गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता को गुमराह करने का काम करती है।

Girish Saini 

