प्रशिक्षित नेतृत्व से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गतिः एचआईआरडी निदेशक डॉ. चौहान
राजस्थान और हरियाणा के अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न।
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों तथा कार्यकारी अभियंता व उपमंडल अभियंता के लिए आयोजित छह दिवसीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ।
एचआईआरडी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि प्रशिक्षित एवं सशक्त खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी ही विकसित हरियाणा के ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन तभी संभव है, जब अधिकारी नवीन तकनीकों, बेहतर प्रशासनिक दक्षता तथा सुशासन की अवधारणाओं से निरंतर स्वयं को अद्यतन रखें। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अधिकारियों के ज्ञान, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की दक्षता को सुदृढ़ करते हैं तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
निदेशक डॉ. चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास के क्षेत्र में पारदर्शिता, नवाचार और जनभागीदारी को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान एवं श्रेष्ठ कार्य प्रणालियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में लागू कर अधिकारी ग्राम पंचायतों को अधिक सशक्त, आत्मनिर्भर एवं जवाबदेह बना सकते हैं।
कार्यक्रम समन्वयक संदीप कुमार ने बताया कि इस दौरान प्रतिभागियों को ग्रामीण विकास, पंचायत प्रशासन, सुशासन, नेतृत्व क्षमता, वित्तीय प्रबंधन, विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक नवाचारों से जुड़े विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
समापन सत्र में राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान, हैदराबाद से अनुराधा पल्ला एवं सत्यप्रभा सहित संस्थान के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण होने पर प्रमाण-पत्र वितरित किए। इसके उपरांत संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस दौरान हरियाणा एवं राजस्थान से आए प्रशिक्षणार्थी अधिकारियों में सुशीला (बीडीपीओ अलवर), अभिषेक कार्यकारी अभियंता, जिला परिषद कैथल), सुरेश चंद (बीडीपीओ करौली), ईश्वरेंद्र (उपमंडल अभियंता बेरी), सुनीता कुमावत (बीडीपीओ सीकर) सहित ग्राम सचिव रविंद्र यादव, कार्यकारी अभियंता अंकित वर्मा, कनिष्ठ अभियंता अमनदीप, सरपंच विक्रम अटवान आदि मौजूद रहे।
Girish Saini 

