भाजपा की पदयात्रा के चलते दिल्ली रोड पर आज यातायात रहेगा बाधित, रोहतक पुलिस ने जारी किया रूट डायवर्जन
सुबह 7 बजे से डी-पार्क से सेक्टर-14 चौक तक रहेगी आवाजाही बंद, वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह
रोहतक, गिरीश सैनी। एक नवंबर को भाजपा की प्रस्तावित पद यात्रा के चलते दिल्ली रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रहेगी। रोहतक पुलिस ने आमजन की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए रविवार सुबह 7 बजे से डी-पार्क से सेक्टर-14 चौक तक रूट डायवर्जन लागू करने का निर्णय लिया है। छोटूराम पॉलिटेक्निक से डी-पार्क तक भी यातायात बाधित रहने की संभावना है। इस मार्ग पर केवल एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और पुलिस जैसे आपातकालीन वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी।
पुलिस के अनुसार, सोनीपत स्टैंड से दिल्ली बाईपास जाने वाले वाहन शीला बाईपास होकर गुजरेंगे। दिल्ली बाईपास से सोनीपत स्टैंड व अंबेडकर चौक आने वाले वाहन भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करेंगे। पीजीआईएमएस आने-जाने वाले वाहन एमडीयू के गेट नंबर 1 और 3 से गुजरेंगे। बजरंग भवन से पीजीआईएमएस जाने के लिए श्रीनगर कॉलोनी का रास्ता निर्धारित किया गया है।
वहीं, सोनीपत स्टैंड से मॉडल टाउन जाने वाले वाहन सोनीपत रोड तथा दिल्ली बाईपास से मॉडल टाउन आने वाले वाहन शीला बाईपास से गुजरेंगे। अशोका चौक से दिल्ली बाईपास जाने वाले वाहन झज्जर चुंगी और रुपया चौक का रास्ता अपनाएंगे।
पुलिस ने वाहन चालकों से दिल्ली रोड पर जाने से बचने, वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Girish Saini

