डेंगू से बचाव के लिए पानी जमा न होने दें, दिन में भी मच्छरों से रहें सावधानः डीसी सतबीर सिंह

डेंगू से बचाव के लिए पानी जमा न होने दें, दिन में भी मच्छरों से रहें सावधानः डीसी सतबीर सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिला वासियों से डेंगू व अन्य मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि डेंगू की रोकथाम का सबसे प्रभावी तरीका मच्छरों के प्रजनन स्थलों को खत्म करना है, जिसमें आमजन की भागीदारी जरूरी है।

उपायुक्त ने कहा कि घर, कार्यालय और आसपास किसी भी स्थान पर पानी जमा न होने दें। कूलर, गमले, पुराने टायर, छतों पर रखे बर्तन, पानी की टंकियों और अन्य जलभराव वाले स्थानों की नियमित सफाई करें। साफ-सफाई और सूखा वातावरण बनाए रखने से मच्छरों के पनपने पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

उन्होंने कहा कि डेंगू फैलाने वाला मच्छर दिन के समय भी सक्रिय रहता है। इसलिए बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें और जरूरत के अनुसार मच्छरदानी व मच्छर भगाने वाले साधनों का इस्तेमाल करें।

डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि बुखार, तेज सिरदर्द, शरीर या आंखों के पीछे दर्द, जी मिचलाना अथवा त्वचा पर लाल चकत्ते जैसे लक्षण दिखाई दें तो खुद दवा लेने के बजाय तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता एवं जांच अभियानों में सहयोग करने की अपील की। जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर डेंगू समेत अन्य मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।