एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने के लिए उपायुक्त ने दिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश

 अभियान के तहत चार लाख पौधे लगाने का लक्ष्य।

एक पेड़ मां के नाम अभियान को सफल बनाने के लिए उपायुक्त ने दिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने एक पेड़ मां के नाम अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विभाग में नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर की थी। इस अभियान की अपील करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सभी नागरिकों से इस पहल के माध्यम से रहने योग्य एक बेहतर पृथ्वी के निर्माण और सतत विकास में योगदान देने का अनुरोध किया है।

 

उपायुक्त ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान सरकार द्वारा शुरू किया गया एक वृहद वृक्षारोपण अभियान है, जिसका मुख्य उद्देश्य देश में वृक्षों की संख्या बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण करना और लोगों को वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना है। उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को अधिक से अधिक संख्या में पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया जाता है।

 

उपायुक्त ने कहा कि इस अभियान में पेड़ को मां के समान माना जाता है और लोगों से अपील की जाती है कि वे एक पेड़ लगाकर अपनी मां को समर्पित करें। इस अभियान में आम जन, स्कूल, कॉलेज, सरकारी संस्थान और गैर सरकारी संगठनों को शामिल करने के निर्देश भी उपायुक्त ने दिए हैं।

 

उपायुक्त ने अभियान को लेकर जिला पौधारोपण कमेटी गठित करने के लिए निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभागों को इस अभियान को लेकर नोडल अधिकारी नियुक्त कर सूची जिला वन अधिकारी को उपलब्ध करानी होगी। इसके साथ ही उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए दिए अपने-अपने विभागों की भूमि चिन्हित कर पूरा विवरण प्रस्तुत करें, जहां पौधारोपण किया जा सकता है।


वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष भी अभियान के तहत जिला में लगभग चार लाख पौधे विभिन्न श्रेणी के लगाने का लक्ष्य रखा गया है। पिछले वर्ष भी 4 लाख पौधे लगाए गए थे। 2 लाख पौधे वन विभाग ने स्वयं लगाए थे, जबकि 2 लाख पौधों का वितरण किया गया था। उन्होंने बताया कि जिला में वन विभाग की सात नर्सरियां हर्बल पार्क, महम, लाखनमाजरा, सुनारिया, सांघी, सांपला व बोहर में स्थित है, जिनमें 3 लाख 69 हजार 960 पौधे विभिन्न श्रेणियों के उपलब्ध हैं।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रदीप कौशिक, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, डीसीएफ वीरेंद्र गिल, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता संजीव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।